'कांग्रेस फ्यूज बल्ब है, संविधान बचाओ रैली दिखावा है'...राजस्थान में छत्तीसगढ़ CM विष्णु देव साय का तीखा हमला
Vishnu Deo Sai Jaipur Visit: जयपुर पहुंचे छत्तीसगढ़ CM विष्णु देव साय ने कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए उसे फ्यूज बल्ब बताया और संविधान बचाओ रैली को दिखावा करार दिया। जानिए पूरी खबर।

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मंगलवार को जयपुर पहुंचे, जहां भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत करते हुए सीएम साय ने कांग्रेस और उसके हालिया अभियानों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कांग्रेस के 'गायब' पोस्टर और 'संविधान बचाओ' रैली को लेकर अपनी बेबाक राय रखी।
'कांग्रेस अब फ्यूज बल्ब बन चुकी है'
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर कांग्रेस द्वारा निशाना साधे जाने पर प्रतिक्रिया देते हुए विष्णु देव साय ने कहा, "कांग्रेस अब एक फ्यूज बल्ब बन चुकी है। देश की जनता ने उनका विश्वास पूरी तरह से खो दिया है। ऐसे में कांग्रेस नेता बिना सिर-पैर की बातें करते हैं, जिनका कोई मतलब नहीं रह जाता।"
'संविधान की हत्या करने वाले अब कर रहे रैली'
कांग्रेस की 'संविधान बचाओ रैली' पर सीएम साय ने तीखा प्रहार करते हुए कहा, "यही वे लोग हैं जिन्होंने देश में आपातकाल लगाया था और लोकतंत्र की हत्या की थी। गैर-कांग्रेसी नेताओं को जेल में डालकर संविधान का मजाक बनाया था। कई बार संविधान में केवल अपने स्वार्थ के लिए संशोधन किए गए। आज वही लोग संविधान बचाने की बात कर रहे हैं, जो स्वयं उसके सबसे बड़े भक्षक रहे हैं।"
मेंहदीपुर बालाजी के दर्शन के लिए राजस्थान दौरा
छत्तीसगढ़ मुख्यमंत्री का राजस्थान दौरा धार्मिक दृष्टि से भी खास रहा। वे जयपुर से सीधे मेंहदीपुर बालाजी मंदिर के लिए रवाना हुए, जहां उन्होंने भगवान बालाजी के दर्शन-पूजन किए। दर्शन के बाद वे सड़क मार्ग से वापस जयपुर लौटे और फिर फ्लाइट से अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गए।
राजनीति में गर्मी बढ़ाती बयानबाजी
विष्णु देव साय के इन बयानों से साफ है कि लोकसभा चुनाव से पहले राजनीति में गर्मी बढ़ चुकी है। जहां कांग्रेस भाजपा पर निशाना साध रही है, वहीं भाजपा नेता कांग्रेस को उसके पुराने कार्यों की याद दिलाकर कटघरे में खड़ा कर रहे हैं।