राजस्थान में फिर लौटेगी तपती गर्मी, पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म, IMD ने 72 घंटे का हीट वेव अलर्ट जारी किया
Rajasthan Heatwave Alert: राजस्थान में फिर लौट रही है भीषण गर्मी। पश्चिमी विक्षोभ के कमजोर होने के बाद मौसम विभाग ने 72 घंटे का हीट वेव अलर्ट जारी किया। जानिए किन जिलों में सबसे ज्यादा असर पड़ेगा।

राजस्थान में कुछ दिनों की राहत के बाद एक बार फिर गर्मी की वापसी हो गई है। पश्चिमी विक्षोभ के कमजोर पड़ने के साथ ही मौसम ने अपना रुख बदल लिया है। जहां बीते दो दिनों में प्रदेश के कई जिलों में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि से तापमान में गिरावट दर्ज की गई थी, वहीं अब मौसम विभाग ने अगले 72 घंटे के लिए हीट वेव अलर्ट जारी किया है।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, सोमवार यानी 14 अप्रैल से प्रदेश के कई हिस्सों में लू चलने की संभावना है। अगले तीन दिनों तक अधिकतम तापमान में 4 से 5 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है। मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि यह बदलाव तीसरे सप्ताह की शुरुआत में गर्मी का असली रूप दिखाएगा।
जयपुर, टोंक और नागौर जैसे जिलों में रविवार को हल्की बारिश और मेघगर्जन दर्ज किया गया, जिससे लोगों को कुछ समय के लिए राहत महसूस हुई। हालांकि, ज्यादातर जिलों में अब मौसम शुष्क बना हुआ है। वहीं फलौदी में सबसे अधिक तापमान 40.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.2 डिग्री अधिक है। दूसरी ओर, संगरिया में न्यूनतम तापमान 16.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग ने विशेष रूप से बीकानेर, बाड़मेर, जैसलमेर, जोधपुर और चूरू जिलों में हीट वेव के प्रकोप की चेतावनी दी है। ऐसे में बुजुर्गों, बच्चों और स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से भी अपील की गई है कि लोग दोपहर 12 से 4 बजे तक धूप में बाहर निकलने से बचें, हल्के और सूती कपड़े पहनें और खूब पानी पिएं।
राजस्थान की जनता को आने वाले दिनों में मौसम के इस बदले रूप के लिए तैयार रहना होगा, क्योंकि अब गर्मी पूरे जोर के साथ लौट रही है।