पिंक सिटी से लेकर ब्लू सिटी तक, राजस्थान के ये शहर ट्रैवलिंग के लिए हैं बेस्ट
राजस्थान भारत का एक ऐतिहासिक राज्य है, जहां हर शहर की अपनी अनूठी पहचान है। जयपुर का शाही वैभव, जोधपुर की ऐतिहासिकता, उदयपुर की झीलों की खूबसूरती और माउंट आबू का हिल स्टेशन हर ट्रैवलर के लिए आकर्षण का केंद्र है।

राजस्थान एक ऐतिहासिक राज्य है और यहां के बड़े-बड़े किलों, संस्कृति को देखने और महसूस करने के लिए लोग दूर-दूर से आते हैं। इस प्रदेश के हर शहर का अलग मिजाज होता है, जो यहां की बोली भाषा और खाने में झलकती है। इस वजह से हमेशा ही पर्यटकों का तांता लगा रहता है। विदशी पर्यटक भी यहां के किलों के आर्किटेक्चर, झीलों की खूबसूरती की तारीफ करते नहीं थकते हैं। यदि आप भी राजस्थान घूमने का प्लान बना रहे हैं तो आपको इन खूबसूरत जगहों को ट्रैवलिंग लिस्ट में जरूर शामिल करना चाहिए।

इस लिस्ट में सबसे पहला नाम प्रदेश की राजधानी जयपुर का है, जिसको लोग पिंक सिटी के नाम से जानते हैं। यहां पर घूमने के लिए सबसे बेस्ट जगह आमेर का किला, बिरला मंदिर, जंतर-मंतर, हवा महल और जल महल है। इस खूबसूरत शहर में आपको सुंदर हवेलियां और किले देखने को मिल जाएंगे, इसके आर्किटेक्चर को देख कर हर कोई तारीफ करने से खुद को रोक नहीं पाता है।

राजस्थान के जोधपुर में भी घूमने के लिए लोग दूर-दूर से आते हैं, इस शहर को ब्लू सिटी के नाम से भी जाना जाता है। यहां पर मेहरानगढ़ का किला, उम्मेद भवन पैलेस, घंटा घर पैलेस, कल्याण झील घूमने के लिए काफी अच्छी जगहें हैं। इसके अलावा लोगों को जैन मंदिर भी काफी अच्छा लगता है।

राजस्थान में घूमने आने वाले लोग सबसे ज्यादा उदयपुर में ही घूमने के लिए आते हैं, इसको मेवाड़ के नाम से भी जाना जाता है। यहां का इतिहास ही काफी रोमांचक है। इस शहर का निर्माण महाराणा उदय सिंह ने साल 1553 में किया था। यहां पर घूमने के लिए फतेह सागर झील, उदयपुर का सिटी पैलेस, बगोर की हवेली, एकलिंगजी मंदिर और श्रीनाथ मंदिर बेस्ट प्लेस है, इन जगहों में लोग पूरे साल भर आते रहते हैं।

इस प्रदेश के इकलौते हिल स्टेशन में भी घूमने के लिए लोग आते रहते हैं और यहां की खूबसरती की तारीफ करते नहीं थकते हैं। अरावली के पहाड़ियों के बीच में बसा यह शहर देश में ही नहीं बल्कि विदेशों में भी काफी मशहूर है। इस हिल स्टेशन में नक्की झील, दिलवाड़ा जैन मंदिर घूमने के लिए बेहद अच्छी जगहें हैं।