Trendingट्रेंडिंग
विज़ुअल स्टोरी

और देखें
विज़ुअल स्टोरी

बलूचिस्तान में पाक सेना पर भीषण हमला, बीएलए ने मचाई तबाही, 10 सैनिकों के मारे जाने का दावा

बलूचिस्तान में BLA ने पाक सेना पर बड़ा हमला कर 10 सैनिकों के मारे जाने का दावा किया। जानिए कैसे लगातार हमले पाकिस्तान के लिए बनते जा रहे हैं सिरदर्द।

बलूचिस्तान में पाक सेना पर भीषण हमला, बीएलए ने मचाई तबाही, 10 सैनिकों के मारे जाने का दावा

बलूचिस्तान की सरज़मीं एक बार फिर धमाकों से दहली है। बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने पाकिस्तानी सेना पर बड़ा हमला कर 10 सैनिकों के मारे जाने का दावा किया है। यह हमला क्वेटा के नजदीक मार्गट इलाके में रिमोट-कंट्रोल्ड इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) के जरिए अंजाम दिया गया, जिसमें सेना का वाहन पूरी तरह तबाह हो गया।

संघर्ष का पुराना गढ़ बना मार्गट इलाका
जहां हमला हुआ वह इलाका लंबे समय से बलूच विद्रोहियों के गढ़ के तौर पर जाना जाता है। पाकिस्तान की सेना की ओर से अब तक इस हमले को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। लेकिन BLA ने इस ऑपरेशन को बड़ी सफलता बताते हुए जिम्मेदारी ली है और इसे आजादी की लड़ाई का हिस्सा बताया है।

बलूचिस्तान में बढ़ते हमलों से हिली पाक सेना
यह पहला मौका नहीं है जब बीएलए ने पाक सेना को निशाना बनाया हो। पिछले महीने भी क्वेटा से ताफ्तान जाते सेना के काफिले पर हमला हुआ था, जिसमें सात सैनिक मारे गए थे। बीएलए ने तब भी 90 सैनिकों की मौत का दावा किया था, हालांकि पाकिस्तानी सेना ने इसे खारिज किया था। बार-बार होते इन हमलों ने पाकिस्तान की अंदरूनी सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है।

ट्रेन हाईजैक कर भी दिखाई ताकत
11 मार्च को भी बीएलए ने पेशावर जा रही जाफर एक्सप्रेस को बीच रास्ते से हाईजैक कर पूरी दुनिया को चौंका दिया था। बोलान के मशफाक टनल में हमला कर BLA के लड़ाकों ने साबित कर दिया कि उनकी तैयारी और हौसला दोनों मजबूत हैं। इस ऑपरेशन में बीएलए के 'मजीद ब्रिगेड' और 'फतेह' दस्ते ने हिस्सा लिया था।

बलूच लिबरेशन आर्मी
बलूच लिबरेशन आर्मी का गठन 1970 के दशक में हुआ था। बलूच जनता का मानना है कि उन्हें बंटवारे के वक्त जबरन पाकिस्तान में शामिल किया गया था। बीएलए आज भी बलूचिस्तान को एक स्वतंत्र देश बनाने की लड़ाई लड़ रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, संगठन के पास करीब 6000 सक्रिय लड़ाके हैं, जिनमें 'मजीद ब्रिगेड' नामक आत्मघाती दस्ते की भूमिका बेहद खतरनाक मानी जाती है।