जयपुर में कचरा फैलाने वालों की खैर नहीं, ऐसे कटेगा ऑनलाइन चालान, सफाई की होगी मॉनिटरिंग
जयपुर शहर में अब गंदगी फैलाने वालों की खैर नहीं है। अब जयपुर में सघन मॉनिटरिंग की जाएगी। वहीं आरोपी पाए जाने पर कड़ा जुर्माना भी लगेगा।

जयपुर में बढ़ते गंदगी के अंबार पर कंट्रोल लगाने के तेजी से प्रयास किए जा रहे हैं। अब जयपुर हेरिटेज नगर निगम के तहत आने वाले वार्ड में अगर कचरा फैलाया गया तो ऑनलाइन चालान भरना पड़ेगा। इसके तहत खुले में थूकने, नहाने, पेशाब करते पाए जाने, शौच, सार्वजनिक स्थानों पर गोबर या कूड़ा डालने पर जुर्माना लगाया जाएगा।
200 रूपए से 5000 हजार रुपए तक जुर्माना
अगर कोई ऐसा करता पाया जाता है तो उसे 200 रूपए से 5000 हजार रुपए तक जुर्माना देना पड़ सकता है। बता दें कि हेरिटेज नगर निगम कमिश्नर अरुण हसीजा ने जानकारी दी है कि इससे जुड़ी जानकारियां हैरिटेज निगम की ऐप पर मौजूद हैं। बहुत जल्द कार्रवाई और चालान भेजना शुरू किया जाएगा ।
सफाई की मॉनिटरिंग की जाएगी
हेरिटेज नगर निगम कमिश्नर अरुण हसीजा ने जानकारी दी है कि स्वच्छता सर्वेक्षण में जयपुर को नंबर वन बनाने के लिए ये प्रयास किया जा रहा है। हेरिटेज निगम क्षेत्र की कॉलोनी में स्वीपर आईडेंटिफाई किए जाएंगे। इसके साथ ही कमर्शियल एरिया में डबल शिफ्ट में सफाई कराई जाएगी। साथ ही साथ नाले, पार्क और स्कूल साफ रहें, इसके लिए मॉनिटरिंग होगी। जोन स्तर पर अभियान के तहत प्रयास किए जा रहे हैं कि ओपन कचरा डिपो नजर न दिखें, रेड स्पॉट, येलो स्पॉट ना मिले। इसको लेकर जोन स्तर पर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
ज्यादा से ज्यादा चालान किए जाएंगे
हेरिटेज नगर निगम कमिश्नर ने बताया कि हेरिटेज क्षेत्र में आईईसी एक्टिविटी के जरिए लोगों को काफी बार समझाया जा चुका है। इसके बाद भी लोग शहर को गंदा कर रहे हैं। ऐसे लोगों के खिलाफ अब सख्त रवैया अपनाते हुए चालान किए जाएंगे। नगर निगम के चीफ सेनेटरी इंस्पेक्टर्स को एप्लीकेशन दी गई है। इसके जरिए वो गंदगी फैलाने वालों का चालान कर सकेंगे। इसके साथ ही कार्रवाई और चालान की पावर भी दे दी गई है।