Rajasthan: "ट्रांसफर से शिक्षा तक हर मोर्चे पर फेल सरकार", डोटासरा ने बीजेपी को लिया आड़े हाथ, पढ़ें पूरी खबर
गोविंद सिंह डोटासरा ने एक बार फिर बीजेपी सरकार पर जमकर हमला बोला है। उन्होंने सरकार को ऑक्सीजन पर चलने वाली सरकार बताया और ट्रांसफर नीति, शिक्षा व्यवस्था और पंचायती राज में विफल बताया। जानें पूरी खबर।

राजस्थान में इन दिनों सियासी पारा हाई है। सड़क से संसद तक कांग्रेस भजनलाल सरकार को घेरने की तैयारी कर रही है। इसी बीच कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा सीकर दौरे पर रहे। मीडिया से बातचीत करते हुए डोटासरा ने बीजेपी पर जमकर निशाना साधा। कहा, सत्ता संभाले बीजेपी को एक साल हो गए हैं लेकिन अभी तक जनता की कोई सुनवाई नहीं हुई। शासन-प्रशासन दोनों सुस्त पड़े हुए हैं।
"ऑक्सीजन पर चल रही सरकार"
राजस्थान सरकार द्वारा बीते दिनों अधिकारियों के ट्रांसफर की तारीख बढ़ाने पर डोटासरा ने कहा, ये सरकार ऑक्सीजन के सहारे चल रही है। जनता भी देखेगी आखिर ये कितने दिनों तक चलती है। ट्रांसफर कब करना है ये तो सरकार तय नहीं कर पा रही है तो जनता का क्या भला करेंगे। अधिकारियों-कर्मचारी जैसे बैचेन है वह चिंता का कारण है। कहा, राजस्थान में बीजेपी हर मोर्चे पर फेल है। सरकार ने कहा था हम अलग ट्रांसफर पॉलिसी लायेंगे। वो तो दूर सरकार अभी की पॉलिसी नहीं संभाल पा रही है।
छात्रों का बेड़ा गर्क कर रही सरकार- डोटासरा
डोटासरा यही नहीं रुके। उन्होंने कहा, एक इंसान अपनी मेहनत और पढ़ाई के दम पर अधिकारी-कर्मचारी बनता है। अधिकारी किसी पार्टी बीजेपी-कांग्रेस का नहीं होते है। जिसकी सरकार होती होगी वह उनके आदेश के अनुसार काम करेंगे। लेकिन बीजेपी सरकार को कुछ समझ नहीं आ रहा है कि करना क्या है। इस दौरान वह छात्रों पर बात करते नजर आए। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने कहा, बीजेपी सरकार छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ कर रही है। पंचायती राज को संभालने वाली पंचायत मंत्रियों को घूमने और प्राइवेट स्कूल में जाने से फुरसत नहीं है। सरकार को सरकारी शिक्षा और पंचायती राज में सुधार कैसे किया जाए पर विचार-विमर्श करने की जरूरत है।