राजस्थान बजट 2025: महिलाओं के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल का ऐतिहासिक तोहफा, स्टांप ड्यूटी में मिलेगी विशेष छूट
राजस्थान के बजट में महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए भी काम किया गया है।विवाहित महिलाओं को खास राहत दी गई हैं।

जयपुर: राजस्थान सरकार ने महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए एक ऐतिहासिक कदम उठाया है। मुख्यमंत्री भजनलाल की अध्यक्षता में प्रस्तुत राजस्थान बजट 2025 में विवाहित महिलाओं को विशेष राहत दी गई है। अब, यदि पति-पत्नी संयुक्त रूप से 50 लाख रुपये तक की संपत्ति खरीदते हैं, तो उन्हें स्टांप ड्यूटी में आधा प्रतिशत की छूट मिलेगी। इस फैसले का उद्देश्य महिलाओं को संपत्ति के स्वामित्व में अधिक हिस्सेदारी देना और उन्हें वित्तीय स्वतंत्रता की दिशा में प्रोत्साहित करना है।
यह निर्णय उन परिवारों के लिए लाभकारी होगा, जो संयुक्त रूप से संपत्ति खरीदने के लिए महिलाओं को सह-स्वामी बनाना चाहते हैं। अब तक, संपत्ति खरीदते समय महिलाओं का नाम अक्सर पीछे रह जाता था, लेकिन इस छूट से अब अधिक परिवार महिलाओं को संपत्ति के स्वामित्व में शामिल करने के लिए प्रेरित होंगे। इसके परिणामस्वरूप महिलाओं की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और उन्हें संपत्ति पर अधिकार मिलेंगे।
साथ ही, राजस्थान सरकार ने यह घोषणा भी की है कि अगर कोई महिला अपने नाम से संपत्ति खरीदने की इच्छुक है, तो यह छूट उनके लिए किफायती विकल्प बनेगी। इस कदम से सरकार महिलाओं को संपत्ति के स्वामित्व और निवेश के लिए प्रोत्साहित करना चाहती है।
इसके अलावा, भूखंड की एक मुश्त लीज राशि जमा करने पर पेनल्टी में 100 प्रतिशत छूट दी जाएगी, और नगरीय क्षेत्रों में 30 सितंबर तक लीज राशि जमा करवाने पर ब्याज पेनल्टी में भी राहत मिलेगी।
इस फैसले से परिवारों के सदस्य, जैसे माता-पिता, भाई-बहन, बेटा-बेटी, पति-पत्नी और अन्य रिश्तेदार, भी पॉवर ऑफ अटोर्नी पर स्टांप ड्यूटी में छूट का लाभ उठा सकेंगे। यह फैसला महिलाओं के आर्थिक अधिकारों को मजबूती देने के साथ-साथ उनके स्वावलंबन की दिशा में एक सकारात्मक कदम माना जा रहा है।