Delhi assembly election: दिल्ली के चुनावी ‘समर’ में केजरीवाल को मिला हनुमान बेनीवाल का साथ, बढ़ेगी AAP की ताकत !
दिल्ली विधानसभा चुनाव में जैसे-जैसे वोटिंग की तारी नजदीक आ रही है, वैसे-वैसे हर रोज नए समीकरण बन रहे हैं। आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के अध्यक्ष हनुमान बेनीवाल से मुलाकात कर हलचल मचा दी है। इसके बाद से ऐसा माना जा रहा है कि जाट वोट बैंक पर अपना दबदबा बनाने में अब केजरीवाल को आसानी होगी।

राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के अध्यक्ष हनुमान बेनीवाल ने शुक्रवार को आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल से उनके आवास पर मुलाकात की और कहा कि हर रोज अरविंद केजरीवाल को गिराने की कोशिश की जा रही है।
कांग्रेस के लिए सबसे बड़ा झटका
राजस्थान के नागौर से सांसद बेनीवाल ने कांग्रेस को बड़ा झटका देते हुए आप को अपना समर्थन दिया है। उन्होंने जाट मतदाताओं से जातिगत राजनीति से ऊपर उठकर दिल्ली में AAP को वोट देने का आग्रह किया और दिल्ली में जाट आरक्षण का वादा भी किया।
मुलाकात हुई, क्या बात हुई !
AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल से मुलाकात के बाद आरएलपी के अध्यक्ष हनुमान बेनीवाल ने कहा, "...हर दिन अरविंद केजरीवाल को गिराने की कोशिश की जा रही है। ईडी और सीबीआई का दुरुपयोग किया जा रहा है। बीजेपी के खिलाफ बोलने वाले कई नेताओं को जेल में डाला जा रहा है। यह लोकतंत्र की हत्या है। हम दिल्ली में अरविंद केजरीवाल की नीतियों और काम से प्रेरित हैं। यहां हर आम आदमी अरविंद केजरीवाल के बारे में बोलता है।"
जाट मतदाताओं से बेनीवाल की अपील
बेनीवाल ने कहा कि मैं युवाओं, बच्चों और जाट भाइयों से अनुरोध करता हूं कि वो इस बात पर विचार न करें कि उम्मीदवार उनकी जाति से हैं या नहीं। दूसरी तरफ BJP है, इसलिए आप सभी को AAP का समर्थन करने की जरूरत है। हम दिल्ली में जाटों को आरक्षण दिलवाएंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को कुछ नहीं मिलेगा। दिल्ली के अंदर उनका कोई भविष्य नहीं है। हम भारत गठबंधन के नेतृत्व के बारे में भी बात करेंगे।
मुलाकात पर क्या बोले केजरीवाल ?
इस बीच AAP संयोजक अरविंद केजरीवाल ने बेनीवाल से अपनी मुलाकात के बारे में बात करते हुए कहा कि आज हनुमान बेनीवाल मुझसे मिलने आए। उन्होंने पहले ही दिल्ली चुनाव में AAP को समर्थन देने की घोषणा कर दी है। वे आज मेरे आवास पर आए, मैं उनका तहे दिल से आभार व्यक्त करता हूं।
बेनीवाल ने समर्थन क्यों दिया केजरीवाल ने बताया
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि AAP ईमानदारी और सच्चाई के लिए खड़ी है। उन्होंने हमें अपना समर्थन इसलिए दिया क्योंकि हम ईमानदारी और सच्चाई के साथ खड़े हैं।
दिल्ली विधानसभा के समीकरणों पर एक नजर
दिल्ली में विधानसभा चुनाव 5 फरवरी को एक ही चरण में होंगे, जबकि वोटों की गिनती 8 फरवरी को होगी। दिल्ली की 70 विधानसभा सीटों के लिए कुल 699 उम्मीदवार मैदान में हैं। दिल्ली में लगातार 15 साल तक सत्ता में रही कांग्रेस को पिछले दो विधानसभा चुनावों में झटका लगा है और पार्टी कोई भी सीट जीतने में विफल रही है। इसके विपरीत, आप ने 2015 और 2020 के विधानसभा चुनावों में कुल 70 सीटों में से क्रमशः 67 और 62 सीटें जीतकर अपना दबदबा बनाया, जबकि BJP को इन चुनावों में क्रमशः तीन और आठ सीटें मिलीं।