BJP प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कांग्रेस को घेरा, कहा- इन्होंने संविधान और बाबा साहब...
जयपुर में BJP के 'संविधान गौरव अभियान' की शुरूआत 11जनवरी से हो गई है। वहीं अब बीजेपी के नेताओं की ओर से कांग्रेस को घेरने का कोई मौक नहीं छोड़ा जा रहा है। इसी कड़ी में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कांग्रेस को जमकर घेरा।

BJP प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि BJP संविधान गौरव अभियान चलाकर देशभर में कांग्रेसियों का दोहरा चरित्र उजागर करेगी। इसके लिए BJP ने जिला, मंडल और बूथ स्तर तक समिति बनाई है जो जनता के बीच जाकर कांग्रेस के काले कारनामें उजागर करगी।
‘कांग्रेसियों ने संविधान का अपमान किया’
मदन राठौड़ ने कहा कि कांग्रेसियों ने संविधान का अपमान किया और बाबा साहब को कभी सम्मान नहीं दिया। कांग्रेस पार्टी ने बाबा साहब को संसद में जाने से रोका, उनके खिलाफ उम्मीदवार खड़ाकर हराने का षडयंत्र रचा। वहीं दूसरी ओर भारतीय जनता पार्टी है जिसने बाबा साहब के सम्मान में पंचतीर्थ बनाने का कार्य किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तो विदेश में जमीन खरीदकर उनकी शिक्षा स्थली पर स्मारक बनाने का कार्य किया है।
‘BJP करती है महापुरूषों का सम्मान’
BJP प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि देश के गृहमंत्री अमित शाह ने संसद में स्पष्ट कहा है कि कांग्रेसियों को अब अंबेडकर जी याद आ रहे है। अगर कांग्रेसी नेता सच्चे मन से बाबा साहब का सम्मान करना चाहते तो पहले करते। लेकिन अब जब BJP बाबा साहब को सम्मान दे रही है तो कांग्रेसी श्रेय लेने के लिए इस तरह का कार्य कर रहे है। भाजपा दिखावा नहीं करती है। भाजपा ने गांधी जी का सम्मान किया, अंबेडकर जी, सरदार पटेल सहित तमाम महापुरूषों को सम्मानित करने का काम कर रही है, जिन्हे कांग्रेस ने दरकिनार कर दिया था।
‘गहलोत और डोटासरा अनर्गल बातें करते हैं’
BJP प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने एक सवाल के जवाब में कहा कि गहलोत और डोटासरा को पता होना चाहिए कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने युवा दिवस पर 13500 युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान करने का कार्य किया है। ये वो नियुक्तियां थीं, जो कांग्रेस को देनी चाहिए थी। लेकिन कांग्रेस ने हमारे युवाओं के भविष्य को गर्त में डालने का कार्य किया और उनकी नियुक्तियों को अटकाए रखा। इसके बाद भी गहलोत और डोटासरा सवाल उठा रहे है, यह लोकतंत्र है, इसमें सबको बोलने की स्वतंत्रता है। लेकिन वो जवाबदार और जिम्मेदार आदमी है, अनर्गल बाते नहीं करनी चाहिए। कांग्रेस ने ईआरसीपी, यमुना जल समझौता, रिफाइनरी जैसे कार्यों को लटकाए रखा, ये कार्य ऐसे थे जो कांग्रेस सरकार कर सकती थी लेकिन नहीं किए। भाजपा सरकार ने आते ही इन कार्यों को प्राथमिकता दी और उनके क्रियान्वयन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम भी उठाया। इतना ही नहीं, ऊर्जा के क्षेत्र में कांग्रेस सरकार के द्वारा किया गए गलत एग्रीमेंट को भी भाजपा सरकार ने भुगतान किया और प्रदेश की जनता को भी परेशान नहीं होने दिया। ये भाजपा सरकार जनता के हितों में कार्य कर रही है। भाजपा सरकार विकास के लिए कृत संकल्पित, कटिबद्ध है और लगातार विकास के कार्य हो भी रहे है।